सांबा टाइम्स की खबर का आंशिक असर: वीर भूमि पार्क के रास्ते पर डाली गई बजरी, पाथवे के लिए पहुंचीं टाइलें

 



सांबा। वीर भूमि पार्क, सांबा में मॉर्निंग वॉकर्स की समस्याओं को लेकर सांबा टाइम्स द्वारा प्रमुखता से उठाई गई खबर का आंशिक असर देखने को मिला है। पार्क के कच्चे रास्ते पर बजरी और कंक्रीट डाली गई है, जबकि पाथवे के निर्माण के लिए टाइलें भी पहुंच गई हैं।


पुराना रास्ता


गौरतलब है कि सांबा टाइम्स ने अपनी पिछली रिपोर्ट में वीर भूमि पार्क में सुबह की सैर करने वाले लोगों की समस्याओं को उजागर करते हुए सुरक्षित रास्ते, पानी की उपलब्धता और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी।

एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण के चलते पार्क का पुराना पहुंच मार्ग बंद होने के बाद लोगों को संकरे और असुरक्षित अस्थायी रास्ते से गुजरना पड़ रहा था। इससे विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

हालांकि, अभी भी पार्क के बड़े गेट की ओर जाने वाला रास्ता नहीं बन पाया है और पानी की समस्या भी बरकरार है। ऐसे में मॉर्निंग वॉकर्स को इन बुनियादी सुविधाओं के लिए अभी और इंतजार करना पड़ रहा है।

रास्ते पर बजरी और कंक्रीट डालने तथा पाथवे के लिए टाइलें पहुंचने से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जरूर जगी है। लेकिन पार्क में आने वाले लोगों का मानना है कि जब तक बड़े गेट तक उचित रास्ता और पानी की नियमित व्यवस्था नहीं होती, तब तक उनकी सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाएगा।

सांबा टाइम्स की खबर के बाद हुई इस आंशिक कार्रवाई से उम्मीद जगी है कि संबंधित विभाग बाकी समस्याओं का भी जल्द समाधान करेंगे, ताकि वीर भूमि पार्क में सुबह की सैर करने वाले नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सांबा टाइम्स जनहित के मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा