सांबा में भाटिया सिंगार की दुकान में चोरी, लाखों के नोटों के हार ले गए चोर
सांबा: सांबा के व्यस्त लिंक रोड पर स्थित भाटिया सिंगर की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये कीमत के नोटों के हार और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात देर रात करीब आधी रात के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि चोरों ने हैंडल से खुलने वाले शटर को संभवतः रॉड और जैक की मदद से उठाया और शटर को उसके खांचे से बाहर निकालकर दुकान के अंदर प्रवेश किया।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह चोरी हुई, वहां सामान्यतः रात के समय भी रोशनी रहती है और सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार वारदात के समय सीसीटीवी कैमरे बंद होने की बात सामने आ रही है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकानदार के पिता के मुताबिक दुकानदार आमतौर पर नोटों के हार और अन्य कीमती सामान रात को दुकान से नीचे स्थित अपने घर में ले जाते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया। इसी कारण कुछ लोगों द्वारा यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को दुकान में रखे सामान के संबंध में पहले से जानकारी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह दुकान सांबा के एक व्यस्त लिंक रोड पर स्थित है, जहां देर रात तक लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे स्थान पर चोरी की वारदात ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर चोरों का जल्द पता लगाया जाए और चोरी का सामान बरामद किया जाए, ताकि क्षेत्र में लोगों के बीच भय और असुरक्षा की भावना पैदा न हो।
खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी थी और फोरेंसिक/फिंगरप्रिंट जांच से संबंधित टीम के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामले से जुड़ी अन्य जानकारी और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों को सांबा टाइम्स द्वारा जल्द साझा किया जाएगा।