जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में लागू होंगे 10 बैगलेस डे, छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक शिक्षा का अवसर
समग्र शिक्षा निदेशालय ने जारी किए दिशा-निर्देश, हर महीने की 5 तारीख तक भेजनी होगी जिला स्तरीय रिपोर्ट
जम्मू, 15 अक्टूबर: जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 10 बैगलेस डे लागू किए जाएंगे। इस संबंध में समग्र शिक्षा निदेशालय, जम्मू-कश्मीर ने 14 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुभव आधारित शिक्षा, व्यावसायिक कौशल और योग्यता आधारित सीखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देना है। इसके तहत विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान और कौशल हासिल करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
समग्र शिक्षा निदेशालय ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (CEOs) को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों, हाई स्कूलों और मिडिल स्कूलों तक दिशा-निर्देश पहुंचाना सुनिश्चित करें, जहां छठी से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई हो रही है।
इन बैगलेस डे के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक और भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा को अधिक रोचक, रचनात्मक और जीवनोपयोगी बनाना है।
निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक जिले को बैगलेस डे के क्रियान्वयन से संबंधित समेकित मासिक रिपोर्ट हर महीने की 5 तारीख तक निर्धारित ईमेल पते voc.edu.jksamagra@gmail.com पर भेजनी होगी।
यह पहल नई शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण के साथ-साथ अनुभव आधारित और कौशल-केंद्रित शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
