दिलावर सिंह मन्हास की रिहाई की मांग ने पकड़ा जोर, जम्मू से सुंब तक लोग सड़कों पर; उग्र आंदोलन की चेतावनी
जम्मू/सुंब: सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) जम्मू के सीएमओ के साथ कथित विवाद के बाद गिरफ्तार किए गए युवा राजपूत सभा के जिला प्रधान सांबा दिलावर सिंह मन्हास की रिहाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। जम्मू में रिंकू सिंह रकवाल और अन्य लोगों के नेतृत्व में राजपूत समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर सरकार से दिलावर सिंह मन्हास को तुरंत रिहा करने की मांग की।
वहीं, सुंब क्षेत्र में भी युवा राजपूत सभा और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। जिला प्रधान सांबा युवा राजपूत सभा संजय सिंह जम्वाल ने कहा कि यदि दिलावर सिंह मन्हास को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो सुंब क्षेत्र के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे और सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द उचित कार्रवाई कर मन्हास की रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इसी बीच मामले से जुड़ा एक अहम घटनाक्रम भी सामने आया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू के प्रिंसिपल Dr. Ashutosh Gupta द्वारा जारी आदेश के बाद सीएमओ Dr. Aishwariya Jamwal को चोपड़ा नर्सिंग होम से सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) जम्मू में स्थानांतरित कर दिया गया है।
दिलावर सिंह मन्हास की गिरफ्तारी के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई और इस मामले के समाधान पर टिकी हुई हैं।