जोरदार बारिश से बाबा शिवो गोरन दरबार का संपर्क टूटा: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुल निर्माण की मांग तेज



सांबा: क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बाबा शिवो गोरन के नाले में अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हो गया। चारों ओर पानी का तेज़ बहाव देखने को मिला, जिससे बाबा शिवो दरबार तक पहुंचने वाला एकमात्र मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।



यह रास्ता बाबा शिवो के दरबार को गोरन गांव से जोड़ता है। हर वर्ष बरसात के मौसम में इस नाले में बाढ़ का खतरा बना रहता है। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए नाले पर एक सीमेंटेड गैप बनाया गया है, लेकिन तेज़ बारिश के दौरान पानी का स्तर बढ़ने से यह मार्ग पूरी तरह डूब जाता है और दरबार तक पहुंचना असंभव हो जाता है।



स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सांबा टाइम्स के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि बाबा शिवो दरबार तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नाले पर एक स्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षभर श्रद्धालु बिना किसी जोखिम के दर्शन कर सकें।



गौरतलब है कि बाबा शिवो दरबार की जम्मू-कश्मीर के अलावा पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी गहरी आस्था है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और उनका विश्वास है कि बाबा शिवो के दरबार में मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुल का निर्माण लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता है।