सांबा टाइम्स की खबर का त्वरित असर: सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट से हुई बुजुर्ग की पहचान, परिजनों लेने गए सुपुर्दगी
सांबा/पठानकोट: सोशल मीडिया की ताकत और लोगों के सहयोग से एक अज्ञात बुजुर्ग की पहचान समय रहते हो गई। कुछ समय पहले सांबा टाइम्स द्वारा एक खबर साझा की गई थी, जिसमें सुंदरचक के पास सड़क दुर्घटना में मृत मिले एक बुजुर्ग की पहचान कराने की अपील की गई थी।
खबर में बताया गया था कि दुर्घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मानवता का परिचय देते हुए मृतक के शव को सम्मानपूर्वक सिविल अस्पताल पठानकोट के मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवाया था और लोगों से अपील की गई थी कि यदि कोई उन्हें पहचानता हो तो पुलिस को सूचना दे।
सांबा टाइम्स पर यह खबर प्रकाशित होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा किया। इसी प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया और मृतक की पहचान हरिया चक्क निवासी बुजुर्ग के रूप में हो गई। बताया गया कि उनके परिजन पिछले दो दिनों से उनकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य पठानकोट पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए रवाना हो गए।
सांबा टाइम्स उन सभी पाठकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करता है जिन्होंने इस खबर को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर एक नेक कार्य में अपना योगदान दिया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समाज और सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति किसी जरूरतमंद परिवार तक राहत पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।